CG News: कथा करा के भूल गए मंत्री जी! 15 लाख भुगतान को लेकर कथावाचक ने दी आत्मदाह की चेतावनी

 CG News: कथा करा के भूल गए मंत्री जी! 15 लाख भुगतान को लेकर कथावाचक ने दी आत्मदाह की चेतावनी


छत्तीसगढ़ में कथावाचन को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। कथावाचक डॉ. रामानुरागी महाराज ने आरोप लगाया है कि उन्होंने मंत्री राजेश अग्रवाल के यहां श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया, लेकिन करीब 15 लाख रुपये का भुगतान अब तक नहीं किया गया। इस मामले को लेकर उन्होंने वीडियो जारी कर विधानसभा के बाहर आत्मदाह करने तक की चेतावनी दे दी है।



कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो

दरअसल, कांग्रेस नेता धनंजय ठाकुर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर डॉ. रामानुरागी महाराज का एक वीडियो पोस्ट किया है। वीडियो में कथावाचक दावा कर रहे हैं कि 2 जनवरी से 9 जनवरी 2026 तक उन्होंने अंबिकापुर के लखनपुर गांव में मंत्री राजेश अग्रवाल के यहां भव्य श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया था। उनका कहना है कि कथा संपन्न होने के बाद से वे लगातार अपने पारिश्रमिक की मांग कर रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया जाता है।

मंत्री ने आरोपों को बताया निराधार

हालांकि मंत्री राजेश अग्रवाल ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि डॉ. रामानुरागी महाराज ने संस्कृति विभाग के माध्यम से आयोजन कराने के लिए आवेदन दिया था। उन्होंने केवल उस आवेदन पर सामान्य टिप्पणी (रिमॉर्क) की थी, जैसा वे अन्य आवेदनों में करते हैं। लेकिन संस्कृति विभाग में इस तरह के आयोजन के लिए भुगतान का प्रावधान नहीं होने के कारण आवेदन को खारिज कर दिया गया। मंत्री के मुताबिक, आवेदन निरस्त होने के बाद कथावाचक उनसे पैसे की मांग कर रहे हैं।

कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

इस मुद्दे पर कांग्रेस ने भी सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। धनंजय ठाकुर का कहना है कि सरकार दूसरे राज्यों के कथावाचकों को विशेष सम्मान देकर बुलाती है, जबकि छत्तीसगढ़ के स्थानीय कथावाचकों के साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है।

आरोप-प्रत्यारोप के बीच बढ़ी सियासी हलचल

फिलहाल यह मामला आरोप और सफाई के बीच उलझा हुआ है, लेकिन कथावाचक द्वारा आत्मदाह की चेतावनी ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल जरूर बढ़ा दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ