CG रिटायर्ड जस्टिस रजनी दुबे को मिली बड़ी जिम्मेदारी, CG RERA अपीलीय अधिकरण की बनीं अध्यक्ष
रायपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट की सेवानिवृत्त न्यायाधीश रजनी दुबे को राज्य सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें छत्तीसगढ़ भू-संपदा अपीलीय अधिकरण (Real Estate Appellate Tribunal) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। आवास एवं पर्यावरण विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
राज्य शासन के आवास एवं पर्यावरण विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, यह नियुक्ति भू-संपदा (विनियमन एवं विकास) अधिनियम, 2016 के प्रावधानों के तहत की गई है। सरकार ने अधिनियम में प्रदत्त अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए रजनी दुबे को रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ भू-संपदा अपीलीय अधिकरण के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी है।
5 साल या 67 वर्ष की उम्र तक रहेगा कार्यकाल
आदेश में नियुक्ति की अवधि को लेकर भी स्पष्ट जानकारी दी गई है। रजनी दुबे का कार्यकाल पदभार संभालने की तारीख से अधिकतम पांच वर्ष या फिर 67 वर्ष की आयु पूरी होने तक, इनमें से जो भी पहले हो, तब तक रहेगा।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि अध्यक्ष पद से संबंधित सेवा शर्तों और अन्य नियमों की जानकारी अलग से जारी की जाएगी।
कई अधिकारियों को भेजी गई आदेश की प्रति
रजनी दुबे की नियुक्ति से संबंधित आदेश की प्रतियां राज्यपाल सचिवालय, छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल, मुख्य सचिव कार्यालय और राज्य शासन के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई हैं। इसके अलावा केंद्र सरकार के आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा महालेखाकार कार्यालय को भी इसकी जानकारी दी गई है।
RERA मामलों में होगी अहम भूमिका
छत्तीसगढ़ भू-संपदा अपीलीय अधिकरण में रियल एस्टेट से जुड़े मामलों की सुनवाई और अपीलों का निपटारा किया जाता है। ऐसे में रिटायर्ड हाई कोर्ट जज रजनी दुबे की नियुक्ति को इस संस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब उनके कार्यभार संभालने के बाद अधिकरण से जुड़े मामलों की न्यायिक प्रक्रिया में उनकी भूमिका अहम होगी।

0 टिप्पणियाँ