स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का खुलासा, मारकर मैनेजर, महिला दलाल और ग्राहकों समेत कुल 9 लोग गिरफ्तार
दुर्ग। जुनवानी इलाके में एक वेलनेस स्पा सेंटर की आड़ में कथित तौर पर देह व्यापार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। स्मृतिनगर थाना पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ली वेलनेस स्पा सेंटर में छापा मारकर मैनेजर, महिला दलाल और ग्राहकों समेत कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से 19 मोबाइल फोन, नकदी और देह व्यापार से संबंधित अन्य सामग्री बरामद की गई है। जब्त मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।
पैसे लेकर ग्राहकों से कराया जाता था संपर्क
पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर में आने वाले ग्राहकों से रकम लेने के बाद महिलाओं से उनका संपर्क कराया जाता था। जांच में सेंटर के मैनेजर तनय सोनी की कथित भूमिका सामने आई है। पुलिस का कहना है कि वह ग्राहकों से पैसे लेकर महिलाओं को उपलब्ध कराने की व्यवस्था करता था, जबकि हेमा सिंह उर्फ प्रीत के जरिए महिलाओं को बुलाए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस ने मौके से ग्राहकों से प्राप्त 1900 रुपये नकद और गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
9 लोगों पर कार्रवाई, मोबाइल की जांच जारी
पुलिस ने मामले में तनय सोनी, हेमा सिंह उर्फ प्रीत, रूपेन्द्र जंघेल, रितिक सोनी, दिनेन्द्र कुमार सोनी, हेमंत सिन्हा, अविनाश शर्मा उर्फ अभी, आनंद कुमार और अरुण पांडेय को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन और दस्तावेजों की जांच के जरिए इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि स्पा सेंटर में यह गतिविधि कब से संचालित हो रही थी। मामले में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत कार्रवाई की है।

0 टिप्पणियाँ