छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 22 IAS और एक IFS अधिकारी की नई पोस्टिंग
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 22 IAS और एक IFS अधिकारी की नई पदस्थापना की है। इस बदलाव में प्रदेश के छह जिलों के कलेक्टर भी बदले गए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक सभी नई जिम्मेदारियां आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावी रहेंगी।
इस फेरबदल में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को लेकर सबसे अहम बदलाव किया गया है। 1999 बैच के IAS अधिकारी सोनमणि बोरा को विभाग का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
वहीं आर. संगीता को नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव पद से हटाकर सचिव, मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। गरियाबंद कलेक्टर भगवान सिंह उइके को संयुक्त सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग और कबीरधाम कलेक्टर गोपाल वर्मा को संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग बनाया गया है।
नगरीय प्रशासन में कई अहम नियुक्तियां
कांकेर के कलेक्टर नीलेशकुमार महादेव क्षीरसागर को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग का संचालक बनाया गया है। इस पद पर कार्यरत रिमिजियुस एक्का को विशेष सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें जल जीवन मिशन के मिशन संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है।
इसके अलावा भुवनेश यादव को आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। जगदीश सोनकर को विशेष सचिव, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग बनाया गया है।
सरगुजा और दुर्ग में भी बदलाव
रोमा श्रीवास्तव को CEO, जिला पंचायत सरगुजा बनाया गया है, जबकि लीना कोसम को आयुक्त, नगर पालिक निगम दुर्ग की जिम्मेदारी दी गई है। सौमिल रंजन चौबे को प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल बनाया गया है। वहीं बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई को अपर कलेक्टर बिलासपुर नियुक्त किया गया है।
आकांक्षा शिक्षा खलखो को वाणिज्य एवं उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग में उप सचिव बनाया गया है। उन्हें संचालक, खेल एवं युवा कल्याण का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
इसके साथ ही विवेक आचार्य की सेवाएं उनके मूल विभाग वन विभाग को वापस कर दी गई हैं। सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को विभागीय कामकाज में नई जिम्मेदारियों और बेहतर समन्वय के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ