CG: होटल में प्रेमी-प्रेमिका की संदिग्ध हालत, युवती की मौत; युवक गंभीर
रायपुर। 14 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर के झूलेलाल चौक के पास स्थित बंसल पैराडाइज होटल में शुक्रवार को एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उसी कमरे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हालत में मिला। घटना गंज थाना क्षेत्र की है। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कमरे से आई चीखने की आवाज
जानकारी के मुताबिक, होटल के कमरा नंबर 401 से दोपहर करीब 3:30 से 3:45 बजे के बीच तेज आवाजें सुनाई दीं। होटल कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।
खिड़की तोड़कर देखा तो उड़ गए होश
कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर होटल कर्मचारियों ने खिड़की तोड़कर अंदर देखने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि इस दौरान युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में नजर आया। उसके शरीर से काफी खून बह रहा था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
कमरे में युवती मृत, युवक अस्पताल में भर्ती
पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर युवती मृत मिली, जबकि युवक खून से लथपथ हालत में था। पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दोनों ने पहचान पत्र देकर लिया था कमरा
मृत युवती की पहचान रिमन मंडावी के रूप में हुई है, जो मोहला-मानपुर जिले की रहने वाली बताई जा रही है। वहीं घायल युवक की पहचान किशन कुमार भारद्वाज, निवासी वाराणसी के रूप में हुई है। दोनों ने होटल में पहचान संबंधी दस्तावेज जमा कर कमरा लिया था।
प्रेमी-प्रेमिका के एंगल से भी जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों के बीच क्या संबंध था और कमरे के भीतर घटना से पहले क्या हुआ। पुलिस प्रेम संबंध समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
सीसीटीवी और मोबाइल खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर होटल के सीसीटीवी फुटेज, होटल रजिस्टर, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। युवती की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है।

0 टिप्पणियाँ