शिवसेना नेता का तलवार से केक काटने का वीडियो वायरल, क्लब में देर रात पार्टी को लेकर भी सवाल
रायपुर। छत्तीसगढ़ शिवसेना प्रमुख धनंजय परिहार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह तलवार की मदद से केक काटते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो रायपुर के टिटोस क्लब का बताया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में युवक-युवतियां पार्टी करते दिखाई दे रहे हैं। धनंजय परिहार इस क्लब के संचालक भी बताए जाते हैं।
वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि पार्टी देर रात तक चली और क्लब में शराब भी परोसी जा रही थी। मामला सामने आने के बाद क्लब के संचालन और निर्धारित समय को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। यह पूरा मामला आमानाका थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है।
तलवार से काटा केक, वीडियो हुआ वायरल
वीडियो में तेज संगीत के बीच क्लब के अंदर लोगों की भीड़ दिखाई देती है। इसी दौरान धनंजय परिहार केक लेकर पहुंचते हैं और तलवार से उसे काटते हैं। आसपास मौजूद लोग इस दौरान जश्न मनाते और मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। खासकर सार्वजनिक स्थान पर तलवार से केक काटने और क्लब में देर रात तक गतिविधियां चलने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
धनंजय परिहार ने दी सफाई
वायरल वीडियो पर धनंजय परिहार ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि वीडियो मौजूदा घटना का नहीं, बल्कि करीब छह महीने पुराना है। उन्होंने बताया कि उनके जन्मदिन के मौके पर कार्यकर्ताओं और दोस्तों ने क्लब में कार्यक्रम आयोजित किया था। इसी दौरान उनके कहने पर नहीं, बल्कि साथियों के आग्रह पर उन्होंने तलवार से केक काटा था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि तलवार से केक काटने का उद्देश्य किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचाना या डराना नहीं था।
शराब परोसने के आरोप पर क्या कहा?
देर रात तक पार्टी और शराब परोसे जाने के आरोपों पर भी धनंजय परिहार ने सफाई दी। उनका कहना है कि क्लब में शराब परोसने का निर्धारित समय रात 12 बजे तक है और इसके बाद ग्राहकों को शराब नहीं दी जाती। उनके मुताबिक, कई बार ग्राहकों को क्लब से बाहर निकलने में कुछ समय लग सकता है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग पुराने वीडियो को बार-बार सोशल मीडिया पर प्रसारित कर उन्हें बदनाम और ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर चर्चाएं जारी हैं और मामले में संबंधित विभाग की ओर से किसी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

0 टिप्पणियाँ