वृंदावन स्टीमर हादसा: यमुना में नाव पलटने से 10 की मौत, कई लापता! रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
कैसे पलटी स्टीमर?
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह हादसा केशी घाट के पास हुआ, जहां स्टीमर एक जर्जर पीपा पुल से टकरा गई। टक्कर के बाद नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक पलट गई। बताया जा रहा है कि पुल की हालत खराब थी और वहां मरम्मत का काम चल रहा था।
10 मौतों के बाद भी जारी है तलाश
हादसे के बाद राहत-बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। अब तक 10 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। कई घायलों को नदी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन ने आसपास के सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीम
पुलिस, प्रशासन और स्थानीय गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। घटनास्थल पर भारी भीड़ जुटने के कारण बचाव कार्य में परेशानी आ रही है, लेकिन अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर मौजूद हैं और पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर सेना की मदद भी ली जा रही है।
सरकार का एक्शन और बयान
इस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
हादसे की वजह पर सवाल
प्रारंभिक जांच में जर्जर पीपा पुल और सुरक्षा में लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। प्रशासन का कहना है कि लापता लोगों को जल्द से जल्द खोजने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ