Vedanta Plant Blast: सक्ती हादसे में 20 मजदूरों की मौत, मृतकों की सूची आई सामने
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिला के सिंगीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 20 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 30 से ज्यादा लोग झुलसकर घायल हो गए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, प्लांट में अचानक बॉयलर ट्यूब फटने से तेज धमाका हुआ, जिसकी चपेट में वहां काम कर रहे मजदूर आ गए। हादसे के समय करीब 40 कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद थे। विस्फोट के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल रायगढ़ और रायपुर के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
इस बीच प्रशासन ने मृतकों की पहचान भी जारी कर दी है। हादसे में जान गंवाने वालों में रितेश कुमार (बिहार), अमृत लाल पटेल और ठांडा राम लहरे (छत्तीसगढ़), तरुण कुमार ओझा (झारखंड), आकिब खान (बिहार), सुरसांता जना, शेख सेफुद्दीन, मानस गिरी, कार्तिक महतो और शिवनाथ मुर्मू (पश्चिम बंगाल), अब्दुल करीम और अशोक परहिया (झारखंड), पप्पू कुमार और बुजेरा कुमार (उत्तर प्रदेश), उदयभान सिंह यादव (छत्तीसगढ़), रामेश्वर महलिंग (जांजगीर-चांपा) और नदीम अंसारी (कानपुर) शामिल हैं।
वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने हादसे पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी शोक व्यक्त किया है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। यह हादसा औद्योगिक सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
औद्योगिक सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और मानकों को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों और मजदूर संगठनों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

0 टिप्पणियाँ