हाईवोल्टेज ड्रामा: दो पत्नियों को साथ रखने की जिद में 50 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा पति, 1 घंटे चला रेस्क्यू

 हाईवोल्टेज ड्रामा: दो पत्नियों को साथ रखने की जिद में 50 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा पति, 1 घंटे चला रेस्क्यू



छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक अपनी दो पत्नियों को एक साथ रखने की जिद में हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। ग्राम भेंड्रा निवासी 30 वर्षीय याद राम साहू ने दो शादियां की थीं। पहली शादी 2019 में हुई थी, जबकि दूसरी शादी उसने अपने कथित अफेयर के बाद 2022 में की थी। शुरुआत में तीनों एक ही घर में रहते थे, लेकिन बाद में दोनों पत्नियों के बीच लगातार झगड़े बढ़ने लगे, जिससे दूसरी पत्नी अलग रहने लगी।

शराब के नशे में टावर पर चढ़ा युवक

शनिवार को पारिवारिक विवाद एक बार फिर बढ़ गया। इसी दौरान याद राम साहू शराब के नशे में ट्रैक्टर चलाकर गांव में लगे हाईटेंशन टावर के पास पहुंचा। अचानक वह करीब 50 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया और वहीं बैठ गया। उसकी इस हरकत से गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।

दोनों पत्नियों को साथ रखने की जिद

टावर पर चढ़ने के बाद युवक ने साफ शर्त रखी कि जब तक उसकी दोनों पत्नियां एक साथ खुशी-खुशी नहीं रहेंगी, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा। उसने मोबाइल फोन भी अपने साथ रखा और परिजनों व ग्रामीणों से लगातार बात करता रहा। पुलिस के संपर्क में आने पर भी वह अपनी इसी मांग पर अड़ा रहा।

पुलिस और ग्रामीणों ने शुरू किया रेस्क्यू

सूचना मिलते ही भखारा थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को गंभीर देखते हुए युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे तक बातचीत और समझाइश का दौर चलता रहा। मौके पर भारी भीड़ जमा थी, जिससे हालात और संवेदनशील हो गए थे।

शर्त के साथ नीचे उतरा युवक

लगातार समझाइश के बाद पुलिस ने युवक की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे वीडियो रिकॉर्डिंग न किए जाने की शर्त पर नीचे उतरने के लिए राजी किया। इसके बाद याद राम साहू धीरे-धीरे टावर से नीचे उतरा। हालांकि इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।



पुलिस का बयान और कार्रवाई

सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। जांच में सामने आया कि युवक शराब के नशे में था और लंबे समय से पारिवारिक विवाद से परेशान चल रहा था। पुलिस और ग्रामीणों की समझाइश के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। बाद में उसे उसके परिजनों और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के सुपुर्द कर दिया गया।

पारिवारिक विवाद बना बड़ी समस्या

पुलिस ने बताया कि युवक और उसकी दोनों पत्नियों के बीच लगातार विवाद चल रहा था। इसी कारण स्थिति बिगड़ती गई। पुलिस ने परिवार को आपसी विवाद सुलझाने और काउंसलिंग लेने की सलाह दी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ