“गर्लफ्रेंड संग BMW में बनाई रील… अफसर के बेटे की स्टंटबाजी पड़ गई भारी”
बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार BMW में गर्लफ्रेंड के साथ रील बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर युवती के डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रिटायर्ड फॉरेस्ट अफसर के बेटे को पकड़ लिया और लग्जरी BMW कार जब्त कर ली।
सनरूफ से बाहर निकलकर किया डांस
वायरल वीडियो में युवती हाईवे पर दौड़ रही BMW की सनरूफ से बाहर निकलकर डांस करती नजर आ रही थी, जबकि युवक कार चला रहा था। इंस्टाग्राम पर वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद लोगों ने इसे सड़क सुरक्षा के लिए खतरनाक बताया।
पुलिस जांच में सामने आया नाम
पुलिस जांच में कार चालक की पहचान प्रतीक लूथर (36) के रूप में हुई, जो बिलासपुर के शुभम विहार इलाके का रहने वाला है और रिटायर्ड फॉरेस्ट अफसर का बेटा बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ घूमने निकला था और इसी दौरान हाईवे पर यह स्टंट करते हुए वीडियो बनाया गया।
BMW जब्त, कार्रवाई शुरू
चकरभाठा पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए वाहन नंबर के आधार पर BMW कार को ट्रेस किया और जब्त कर लिया। पूछताछ में युवक ने ट्रैफिक नियम तोड़ने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने मामले में यातायात नियमों के उल्लंघन और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

0 टिप्पणियाँ