छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार थमी, बारिश में देरी के आसार, जानें अपडेट

 छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार थमी, बारिश में देरी के आसार, जानें अपडेट

छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल थम गई है और यह तेलंगाना के भद्राचलम क्षेत्र में पिछले 6 दिनों से अटका हुआ है। इसके कारण राज्य में मानसून की एंट्री में देरी हो रही है और कई इलाकों में गर्मी फिर से बढ़ने लगी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदेश में मानसून पहुंचने में अभी 4 से 5 दिन और लग सकते हैं।

कई जिलों में मौसम बदला, अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

पिछले 24 घंटे का मौसम रिकॉर्ड

पिछले 24 घंटों में उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई। वहीं राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। इस दौरान दुर्ग में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रायपुर में अंधड़ और बारिश का अलर्ट

राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार यहां गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या धूलभरी आंधी चल सकती है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ