CG में बवाल: पाटेश्वर धाम विवाद पर आदिवासी समाज का कलेक्ट्रेट घेराव, पुलिस से झड़प के बाद हालात तनावपूर्ण

 CG में बवाल: पाटेश्वर धाम विवाद पर आदिवासी समाज का कलेक्ट्रेट घेराव, पुलिस से झड़प के बाद हालात तनावपूर्ण  


छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में जामड़ी पाटेश्वर धाम विवाद को लेकर सर्व आदिवासी समाज का प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया। बड़ी संख्या में लोग कलेक्ट्रेट घेराव के लिए पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग लगाई थी। इसके बावजूद गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश कर जमकर हंगामा किया।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प  

स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई। कुछ लोग मुख्य गेट पर हंगामा करते नजर आए, तो कई कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर नारेबाजी करने लगे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों के घायल होने की भी सूचना है।

भीड़ नियंत्रण में पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत  

लगातार बढ़ती भीड़ और आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया। अधिकारियों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और प्रशासन को हालात काबू करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।


क्या है आदिवासी समाज की मुख्य मांग  

प्रदर्शन कर रहे सर्व आदिवासी समाज का आरोप है कि जामड़ी पाटेश्वर धाम गांव की जमीन पर बना है और इससे जुड़े कई विकास कार्यों में स्थानीय ग्राम व्यवस्था की अनदेखी की गई है। उनका यह भी कहना है कि पाट (पहाड़), जिसे समाज अपने देवताओं का स्थल मानता है, उस पर कथित रूप से कब्जा किया गया है।

कार्रवाई की मांग पर अड़े लोग  

आदिवासी समाज की मांग है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और पाटेश्वर धाम तथा बाबा बालक दास के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारी स्पष्ट रूप से अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं, जिससे आने वाले समय में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ