गर्लफ्रेंड के घर बॉयफ्रेंड की संदिग्ध मौत, शराब पार्टी के बाद छत पर मिला बेसुध

 गर्लफ्रेंड के घर बॉयफ्रेंड की संदिग्ध मौत, शराब पार्टी के बाद छत पर मिला बेसुध

दुर्ग, 12 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शराब पार्टी के बाद 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक अपनी गर्लफ्रेंड के घर पहुंचा था, जहां विवाद के बाद वह छत पर चला गया। कुछ देर बाद वह वहां बेसुध मिला। गर्लफ्रेंड ने उसे CPR देने की कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दोस्तों के साथ हुई थी शराब पार्टी

जानकारी के मुताबिक सिद्धांत दान सोमवार रात अपनी गर्लफ्रेंड अंजलीना तंवर के घर पहुंचा था। उस समय घर में अंजलीना के अलावा उसकी सहेली निमिषा, निमिषा का बॉयफ्रेंड गौरव और ग्रेसी भी मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि सभी ने रात में साथ बैठकर शराब पी थी।

विवाद के बाद छत पर चला गया सिद्धांत

शराब पीने के दौरान सिद्धांत और अंजलीना के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सिद्धांत ने नशे की हालत में अंजलीना से गाली-गलौज की, जिसके बाद उसने सिद्धांत को थप्पड़ मार दिया।

विवाद के बाद सिद्धांत नाराज होकर घर की छत पर चला गया। कुछ समय बाद अंजलीना उसे देखने के लिए ऊपर पहुंची तो वह बेसुध हालत में पड़ा मिला।

CPR देने के बाद भी नहीं बची जान

अंजलीना ने सिद्धांत को होश में लाने की कोशिश की और CPR दी, लेकिन उसकी तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद घर में मौजूद लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद सिद्धांत को मृत घोषित कर दिया।

सुबह 5 बजे पुलिस को मिली सूचना

घटना की जानकारी मंगलवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

शादी करने वाले थे दोनों

पुलिस की शुरुआती जांच में युवक-युवती के बीच विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों की शादी होने वाली थी। अंजलीना नर्सिंग की छात्रा है, जबकि सिद्धांत पहले निजी नौकरी करता था। कुछ समय पहले उसकी नौकरी छूट गई थी।

घर में मौजूद लोगों से होगी पूछताछ

घटना के वक्त घर में मौजूद अंजलीना, निमिषा, गौरव और ग्रेसी से पुलिस पूछताछ कर उनके बयान दर्ज करेगी। जांच टीम रात के दौरान हुई पूरी घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सिद्धांत किस परिस्थिति में छत पर बेसुध हुआ और उसकी मौत कैसे हुई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। मामला अंजोरा चौकी क्षेत्र का है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ