छत्तीसगढ़ वन विभाग में बड़ा फेरबदल, 24 IFS अधिकारियों का तबादला; कई जिलों में बदले वन अधिकारी

 छत्तीसगढ़ वन विभाग में बड़ा फेरबदल, 24 IFS अधिकारियों का तबादला; कई जिलों में बदले वन अधिकारी



रायपुर। छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव किया गया है। शासन की ओर से 24 IFS अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना से जुड़ा आदेश जारी किया गया है। इस फेरबदल के तहत कई अधिकारियों को वनमंडलों के साथ-साथ विभागीय संस्थानों और वन विकास निगम में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

गणवीर धम्मशील को मिली अहम जिम्मेदारी

तबादला सूची में गणवीर धम्मशील का नाम प्रमुख है। उन्हें वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं उत्तम कुमार गुप्ता को इंद्रावती टाइगर रिजर्व के प्रभारी मुख्य वन संरक्षक (CCF) के रूप मं् पदस्थ किया गया है। दोनों अधिकारियों को उनके नए पदों पर महत्वपूर्ण प्रशासनिक और वन प्रबंधन से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालनी होंगी।

मनेन्द्रगढ़ और रायपुर में भी बदले अधिकारी

नई पदस्थापनाओं के तहत दुलेश्वर प्रसाद साहू को मनेन्द्रगढ़ वनमंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं पंकज राजपूत को रायपुर वन उप संरक्षक (DCF) बनाया गया है। सरगुजा क्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। प्रभाकर खलखो को सरगुजा कार्य आयोजना वनमंडल का प्रभारी वन संरक्षक नियुक्त किया गया है।

वन विकास निगम में तीन अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति

तबादला आदेश में छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम को भी शामिल किया गया है। संजय यादव, गीष्मी चांद और ऋषभ जैन को वन विकास निगम में प्रतिनियुक्ति दी गई है। इसके साथ ही पंकज कुमार कमल को वन विकास निगम से वापस बुलाकर बलौदाबाजार वन उप संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

लघु वनोपज संघ और PCCF कार्यालय में भी बदलाव

प्रशासनिक फेरबदल का असर छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ और प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) कार्यालय पर भी पड़ा है। अभिषेक जोगावत को छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ में उप महाप्रबंधक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं रौनक गोयल को PCCF कार्यालय में वन उप संरक्षक के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कई स्तरों पर बदली जिम्मेदारियां

वन विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल के बाद अलग-अलग वनमंडलों और विभागीय संस्थानों में अधिकारियों की नई टीम जिम्मेदारी संभालेगी। शासन के आदेश के मुताबिक यह बदलाव प्रशासनिक कार्यों के संचालन और विभागीय जिम्मेदारियों के बेहतर समन्वय के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शेष अधिकारियों की नई पदस्थापनाएं भी आदेश के अनुसार प्रभावी होंगी।




एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ