CG श्मशान घाट में चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर तंत्र साधना! देखें खौफनाक मंजर एक युवक हिरासत में, 3 फरार

 CG श्मशान घाट में चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर तंत्र साधना! देखें खौफनाक मंजर एक युवक हिरासत में, 3 फरार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में श्मशान घाट के अंदर कथित तंत्र साधना का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी स्थित मुक्तिधाम में शुक्रवार रात चार युवकों की संदिग्ध गतिविधियां देखकर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर एक युवक को पकड़ लिया। तीन अन्य युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू कर दी।

श्मशान घाट में रखी मिली तस्वीरें और पूजा सामग्री

बताया जा रहा है कि ग्रामीणों को श्मशान घाट में कुछ युवकों के मौजूद होने और पूजा-पाठ जैसी गतिविधियां किए जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद ग्रामीणों ने निगरानी शुरू की। जब उन्हें गतिविधियां संदिग्ध लगीं तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को देखते ही चारों युवक भागने लगे। पीछा करने पर एक युवक पकड़ा गया, जबकि उसके तीन साथी भाग निकले।

पुलिस को मौके से मरी हुई मछली, नींबू, सिंदूर, नारियल और पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री मिली है। इसके अलावा वहां छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा सहित तीन लोगों की तस्वीरें भी रखी मिलीं। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस पूछताछ में सामने आई तंत्र साधना की बात

पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवक की पहचान ऋषिकेश कुमार के रूप में हुई है, जो बिलासपुर के राजकिशोर नगर का रहने वाला बताया गया है। शुरुआती पूछताछ में युवक ने श्मशान घाट में तंत्र-मंत्र करने से इनकार किया था। हालांकि, पुलिस की जांच में उसके सोशल मीडिया के जरिए एक कथित तांत्रिक के संपर्क में होने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि युवक का एक रिश्तेदार चाकूबाजी के मामले में जेल में बंद है और उसकी जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। पुलिस के मुताबिक, कथित तांत्रिक ने जमानत मिलने के लिए श्मशान घाट में तांत्रिक क्रिया करने की सलाह दी थी। इसी के बाद चार युवक देवरी के मुक्तिधाम पहुंचे थे।

तीन फरार युवकों की तलाश, जांच जारी

ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए युवक को सीपत पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ के साथ मौके से बरामद सामग्री और तस्वीरों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। वहीं, फरार तीन युवकों की तलाश भी की जा रही है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ऐसे में कथित तंत्र साधना के पीछे वास्तविक उद्देश्य क्या था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ