CG में कांग्रेस नेता की हत्या से सनसनी, लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से गोदा

 CG में कांग्रेस नेता की हत्या से सनसनी, लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से गोदा



रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। जेवरा सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र में रविवार देर रात कांग्रेस नेता प्रकाश सिंह कश्यप की सरेराह हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि लूट की कोशिश का विरोध करने पर बाइक सवार बदमाशों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कांग्रेस नेता ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

अस्पताल से लौटते समय घेरकर किया हमला

पुलिस के अनुसार ग्राम तुमाकला निवासी प्रकाश सिंह कश्यप धमधा मंडल कांग्रेस के कोषाध्यक्ष थे और गांव में पंच के रूप में भी जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में ग्राम सरपंच हैं।

घटना रविवार रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। प्रकाश सिंह अपने दो साथियों के साथ भिलाई के शंकराचार्य अस्पताल से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान करहीडीह और चिखली चौक के बीच चार बाइक सवार युवकों ने उनकी बाइक को रोक लिया।

पैसे और मोबाइल छीनने का किया प्रयास

बदमाशों ने प्रकाश सिंह से मोबाइल और नकदी छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी उनका मोबाइल और करीब चार हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत

घटना के बाद उनके साथ मौजूद युवकों ने किसी तरह अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल प्रकाश सिंह को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश, सौंपा ज्ञापन

कांग्रेस नेता की हत्या के बाद कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश

जेवरा सिरसा पुलिस ने मामले में हत्या और लूट की धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में यह मामला लूट के दौरान हत्या का लग रहा है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ