जिला अस्पताल में एल्डरमैन और सफाईकर्मी भिड़ीं, VIDEO वायरल

जिला अस्पताल में एल्डरमैन और सफाईकर्मी भिड़ीं, VIDEO वायरल

सक्ती। जिला अस्पताल परिसर में शनिवार को वार्ड क्रमांक 18 की नवनिर्वाचित एल्डरमैन सुशीला गबेल और महिला सफाईकर्मी के बीच सफाई व्यवस्था को लेकर विवाद हो गया। शुरुआत में हुई बहस कुछ ही देर में गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सफाई व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, सुशीला गबेल निजी काम से जिला अस्पताल पहुंची थीं। अस्पताल परिसर में गंदगी देखकर उन्होंने वहां मौजूद सफाईकर्मियों से सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।

बहस के बाद हाथापाई

बातचीत के दौरान विवाद बढ़ता गया और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज होने लगी। इसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को शांत कराया।

अस्पताल के बाहर भी हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में विवाद शांत होने के बाद दोनों पक्ष एक बार फिर बाहर आमने-सामने आ गए। यहां भी विवाद बढ़ने पर लोगों ने बीच-बचाव किया। इस पूरी घटना को किसी व्यक्ति ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दोनों पक्षों ने थाने में दी शिकायत

घटना के बाद एल्डरमैन और सफाईकर्मी पक्ष ने सक्ती थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी है। थाना प्रभारी लखन पटेल के मुताबिक, दोनों पक्षों की शिकायत मिली है और वायरल वीडियो समेत मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग भी करेगा जांच

सीएमएचओ डॉ. पूजा अग्रवाल ने बताया कि उन्हें विवाद की जानकारी मिली है। स्वास्थ्य विभाग सोमवार को दोनों पक्षों से मामले की जानकारी लेगा। इसके बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ