CG News: डेढ़ सौ साल पुराने कलेक्टोरेट भवन की छत गिरी, बड़ा हादसे होते होते बचा, पुराने रिकॉर्ड मलबे में दबे
रायपुर। शहर के ऐतिहासिक कलेक्टोरेट भवन में रविवार सुबह एक गंभीर हादसा टल गया, जब रिकॉर्ड रूम की जर्जर छत अचानक गिर गई। सौभाग्य से यह घटना अवकाश के दिन हुई, जब परिसर में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।
छत के साथ वहां लगा सोलर पैनल भी नीचे आ गिरा, जिससे कमरे में रखे वर्षों पुराने दस्तावेज और सरकारी अभिलेख मलबे के नीचे दब गए। यह घटना भवन के कक्ष क्रमांक-8, ‘आंग्ल अभिलेख कोष्ठ’ में घटी, जहां पेंशन और अन्य प्रशासनिक विभागों की फाइलें संग्रहित थीं।
ब्रिटिश शासन के दौरान हुआ था इसका निर्माण
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और रिकॉर्ड को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की गई। साथ ही, मलबा हटाने का कार्य भी तत्काल प्रारंभ हुआ।
बताया गया है कि कलेक्टोरेट भवन का निर्माण ब्रिटिश शासन के दौरान हुआ था और वर्तमान में इसकी संरचना बेहद जर्जर अवस्था में है। कई कक्षों की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है।
जानिए, कलेक्टर ने क्या कहा
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि छत की स्थिति को देखते हुए पहले ही कर्मचारियों को अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया गया था। “कोई जनहानि नहीं हुई, यह सबसे बड़ी राहत है,” उन्होंने कहा।
प्रशासन ने नई बिल्डिंग के निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसका डिज़ाइन तैयार हो चुका है और निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ होगा।




0 टिप्पणियाँ