सुरक्षाबल और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, मारे गए 14 लाख के तीन इनामी नक्सली, इसमें महिला नक्सली भी शामिल
कांकेर। राज्य के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। रविवार सुबह जिले के तियारपानी और छिंदखड़क के जंगलों में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने तीन इनामी नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों में एक महिला भी शामिल है। घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं।
नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग की
पुलिस अधीक्षक कल्याण एलिसेला ने जानकारी दी कि कांकेर DRG, BSF और गरियाबंद पुलिस की संयुक्त टीम क्षेत्र में सर्च अभियान चला रही थी। इसी दौरान तियारपानी और छिंदखड़क के बीच जंगल में छिपे नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए तीन नक्सलियों को ढेर कर दिया।
मारे गए नक्सलियों की पहचान सरवन मडकम उर्फ विश्वनाथ, राजेश उर्फ राकेश हेमला और बसंती कुंजाम उर्फ हडमें के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सरवन मैनपुर-नुआपाड़ा समन्वय टीम का सक्रिय सदस्य और एरिया कमेटी का मेंबर था, जबकि राजेश नगरी एरिया कमेटी का ACM और गोबरा एलओएस कमांडर था। महिला नक्सली बसंती समन्वय प्रोटेक्शन टीम की सदस्य थी।
तीन नक्सलियों पर 14 लाख रुपए का था इनाम
तीनों नक्सलियों पर कुल मिलाकर 14 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इनमें सरवन पर 8 लाख, राजेश पर 5 लाख और बसंती पर 1 लाख रुपये का इनाम था। मौके से एक SLR, थ्री नॉट थ्री राइफल और एक 12 बोर बंदूक बरामद की गई है।
नक्सल नेटवर्क को लगा बड़ा झटका
कांकेर जिले में यह कार्रवाई नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस मुठभेड़ से क्षेत्र में नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस और सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है, जिससे अन्य छिपे नक्सलियों की तलाश की जा सके।

0 टिप्पणियाँ