Jammu NIA Action: देशभर में आतंकी नेटवर्क के खिलाफ NIA का बड़ा एक्शन, 22 ठिकानों पर छापेमारी से सनसनी
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने एक आतंकी साजिश के मामले में देश के
कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में एक साथ बड़ी कार्रवाई की है.
सोमवार को की गई इस छापेमारी में एजेंसी ने कुल 22 स्थानों को
टारगेट किया. इसमें बिहार के 8, जम्मू-कश्मीर के 9, उत्तर
प्रदेश के 2 और कर्नाटक, महाराष्ट्र तथा तमिलनाडु के एक-एक
स्थान शामिल हैं.
अधिकारियों के अनुसार, यह छापेमारी एक ऐसे नेटवर्क को लेकर की
गई है जो देश में आतंक फैलाने की साजिश रच रहा था. अभी जांच शुरुआती दौर में है,
इसलिए
एनआईए की ओर से अधिक जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों
का कहना है कि इस नेटवर्क को विदेशों से फंडिंग मिल रही थी और इसका मकसद देशभर में
स्लीपर सेल तैयार करना था.
सूत्रों के अनुसार, यह नेटवर्क युवाओं को कट्टरपंथ की ओर
धकेलने और उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए प्रशिक्षित करने में लगा हुआ था. गृह
मंत्रालय को जब इस नेटवर्क की गतिविधियों और उसकी फंडिंग के बारे में पुख्ता
जानकारी मिली, तो इसकी जांच की जिम्मेदारी एनआईए को सौंप दी गई.
इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य उन लोगों की पहचान करना है जो इस
नेटवर्क को आर्थिक मदद दे रहे थे, युवाओं को गुमराह कर आतंक के रास्ते पर
ला रहे थे और उन्हें ट्रेनिंग दे रहे थे.
माना जा रहा है कि इस नए नेटवर्क में प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट
ऑफ इंडिया (PFI) से जुड़े कुछ लोग भी शामिल हो सकते हैं. PFI को 2022
में आतंकी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में बैन किया गया था.
इतिहास उठाकर देखें तो, पहले सिमी पर प्रतिबंध लगने के बाद
इंडियन मुजाहिदीन खड़ा हुआ और फिर उसके प्रतिबंध के बाद PFI ने अपनी जड़ें
जमाईं. अब, PFI के बैन होने के बाद फिर से एक नया आतंकी नेटवर्क देश में पैर पसारने
की कोशिश कर रहा है. एनआईए की यह ताजा कार्रवाई इसी साजिश को समय रहते बेनकाब करने
और उसे नाकाम करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है.

0 टिप्पणियाँ