आज से दौड़ेगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन, छत्तीसगढ़ के इन स्टेशनों में मिलेगा स्टॉपेज...
रायपुर। भारतीय रेलवे द्वारा एक और महत्वपूर्ण रेल सेवा की शुरुआत की जा रही है, जो देश के पूर्वी, मध्य और पश्चिमी क्षेत्रों को सीधे जोड़ेगी। ओडिशा के ब्रह्मपुर और गुजरात के उधना (सूरत) के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ कल 27 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होगा।
यह नई ट्रेन ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्यों को जोड़ते हुए लंबी दूरी की तेज और सुविधाजनक रेल सेवा प्रदान करेगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ज़ोन के रायपुर, दुर्ग और गोंदिया स्टेशन इस रूट का हिस्सा होंगे, जहां इस ट्रेन का ठहराव भी सुनिश्चित किया गया है।
पहले दिन विशेष ट्रेन के रूप में चलेगी
शुभारंभ के दिन, यह ट्रेन विशेष समयसारिणी के अनुसार चलाई जाएगी। ट्रेन संख्या 09021 उधना-ब्रह्मपुर स्पेशल 27 सितंबर को सुबह 10.50 बजे उधना से रवाना होगी। रास्ते में यह रात 1.20 बजे गोंदिया, 3.33 बजे दुर्ग और 4.15 बजे रायपुर पहुंचेगी। अगले दिन शाम 5.35 बजे ब्रह्मपुर पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 09022 ब्रह्मपुर-उधना स्पेशल ब्रह्मपुर से दोपहर 12.00 बजे प्रस्थान करेगी और रायपुर, दुर्ग व गोंदिया होते हुए रात 9 बजे उधना पहुंचेगी।
नियमित संचालन 5 अक्टूबर से
यह ट्रेन 5 अक्टूबर से उधना से और 6 अक्टूबर से ब्रह्मपुर से नियमित रूप से चलाई जाएगी। ट्रेन नंबर 19021 हर रविवार को उधना से सुबह 7.10 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 1.55 बजे ब्रह्मपुर पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 19022 हर सोमवार रात 11.45 बजे ब्रह्मपुर से चलकर तीसरे दिन सुबह 8.45 बजे उधना पहुंचेगी।
यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत, व्यापर भी बढ़ेगा
इस सेवा से चार राज्यों के प्रमुख शहरों और औद्योगिक क्षेत्रों के बीच यात्रा पहले की तुलना में अधिक सहज और तेज होगी। खासकर व्यापारिक, औद्योगिक और सामाजिक संपर्क को मजबूती मिलेगी। ट्रेन आधुनिक एलएचबी कोचों से सुसज्जित होगी, जिससे यात्रियों को आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा।
इस नई रेल सेवा से रायपुर, दुर्ग और गोंदिया सहित आसपास के यात्रियों को गुजरात और ओडिशा के बीच सीधी यात्रा का नया विकल्प मिलेगा, जो क्षेत्रीय संपर्क और आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा देगा।

0 टिप्पणियाँ