छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी भर्ती, 238 पदों पर मौका, देखिए पूरी डिटेल
Cg psc 2025 Notification: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा 2025 का बड़ा नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के माध्यम से कुल 238 पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। युवाओं में सबसे अधिक उत्साह डिप्टी कलेक्टर और DSP के पदों को लेकर देखा जा रहा है। इस बार डिप्टी कलेक्टर के 14 पद और डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) के 28 पद शामिल हैं।
इसके अलावा सबसे ज्यादा पद नायब तहसीलदार के हैं, जिनकी संख्या 51 है। अन्य महत्वपूर्ण पदों में कमर्शियल टैक्स ऑफिसर, जिला आबकारी अधिकारी, जिला रजिस्ट्रार, सहायक संचालक, छत्तीसगढ़ राज्य वित्त सेवा अधिकारी, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी जैसी महत्वपूर्ण सेवाएँ शामिल हैं।
आवेदन कब और कैसे?
CGPSC ने ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 दिसंबर 2025 से शुरू करने की घोषणा की है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 तय की गई है। अगर आवेदन में किसी प्रकार की गलती हो जाए, तो उम्मीदवारों को 3 जनवरी से 7 जनवरी 2026 तक सुधार करने का अवसर मिलेगा।
परीक्षा कब होगी?
राज्य सेवा परीक्षा 2025 की प्रारंभिक परीक्षा (प्रीलिम्स) 22 फरवरी 2026 को पूरे राज्य में एक साथ आयोजित की जाएगी। प्रीलिम्स पास करने वाले उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा (मेंस) और उसके बाद इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चयन तीनों चरणों के आधार पर होगा।
योग्यता और आयु सीमा
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (ग्रेजुएशन) की डिग्री होना जरूरी है। सामान्य वर्ग के लिए आयु सीमा 21 से 30 वर्ष रखी गई है, जबकि आरक्षित वर्ग को आयु में छूट मिलेगी। DSP के पदों के लिए निर्धारित शारीरिक मानक भी पूरे करना आवश्यक है।
CGPSC की यह भर्ती छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर मानी जा रही है। इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे समय पर आवेदन करें और परीक्षा की तैयारी अभी से शुरू कर दें।

0 टिप्पणियाँ