CG News: महिला डांसर के ठुमकों पर बेकाबू हुए रोजगार सहायक, स्टेज के आगे नोटों की बारिश, देखें VIDEO

महिला डांसर के ठुमकों पर बेकाबू हुए रोजगार सहायक, स्टेज के आगे नोटों की बारिश, देखें VIDEO

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक आयोजनों के दौरान अश्लील नृत्य के मामलों पर अब भी लगाम नहीं लग पा रही है। एक के बाद एक वीडियो सामने आ रहे हैं और ताज़ा मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। यहां नाचा कार्यक्रम के दौरान महिला डांसर के अश्लील ठुमकों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने प्रशासन और सरकारी कर्मचारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।नाचाके नाम पर हाई वोल्टेज डांस

मिली जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर जिले के सोनहत विकासखंड अंतर्गत पोड़ी इलाके में पारंपरिक नाचा मंडली का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे थे। शुरुआत में कार्यक्रम सामान्य लोकनृत्य तक सीमित रहा, लेकिन जैसे-जैसे रात बढ़ी, मंच पर प्रस्तुत नृत्य अश्लीलता की हदें पार करने लगा।

डांसर के ठुमकों पर नोटों की बारिश


वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला डांसर के आपत्तिजनक नृत्य पर वहां मौजूद कुछ लोग, जिनमें रोजगार सहायक बताए जा रहे हैं, खुलेआम मंच के सामने नोट उड़ाते नजर आ रहे हैं। डांसर के एक-एक ठुमके पर तालियों और सीटीयों के साथ पैसे लुटाए गए। बताया जा रहा है कि महिला डांसर को कोरबा जिले से बुलाया गया था।

सरकारी कर्मचारी फिर सवालों के घेरे में

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वीडियो में दिखाई दे रहे लोग सरकारी जिम्मेदारी से जुड़े बताए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े कर्मचारी अगर इस तरह सार्वजनिक मंच पर बेकाबू होंगे, तो आम जनता को क्या संदेश जाएगा।

सोशल मीडिया पर कार्रवाई की मांग

वीडियो सामने आने के बाद फेसबुक, व्हाट्सऐप और एक्स (ट्विटर) पर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है। कई लोगों ने रोजगार सहायकों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। कुछ सामाजिक संगठनों का कहना है कि ऐसे कार्यक्रमों में अश्लीलता परोसना ग्रामीण संस्कृति को बदनाम करता है और युवाओं पर गलत असर डालता है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

गौरतलब है कि इससे पहले भी छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के देवभोग और सूरजपुर जिले से इसी तरह के अश्लील डांस वीडियो सामने आ चुके हैं। गरियाबंद मामले में जांच के बाद एक वरिष्ठ अधिकारी को निलंबित किया गया था, जबकि सूरजपुर में भी सरकारी कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई थी।

अब प्रशासन की परीक्षा

बैकुंठपुर के इस ताजा मामले ने एक बार फिर प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है। अब देखने वाली बात यह होगी कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई होती है या यह मामला भी सिर्फ वायरल वीडियो बनकर रह जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ