CG: पंजाब कनेक्शन का ड्रग्स नेटवर्क बेनकाब, 26 ग्राम MDMA के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार



बिलासपुर/ छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। ACCU और चकरभाठा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पंजाब से एमडीएमए ड्रग्स मंगाकर बेचने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी देर रात ग्राहक का इंतजार कर रहे थे, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों के पास से करीब 26 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद हुआ है, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 60 हजार रुपए बताई जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस को लंबे समय से चकरभाठा इलाके में सूखा नशा कारोबार चलने की जानकारी मिल रही थी। इसी दौरान मंगलवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रहंगी के खोलीभाटा मैदान में एक संदिग्ध कार खड़ी है, जिसमें बैठे युवक भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और ACCU टीम मौके पर पहुंची और चारों तरफ से घेराबंदी कर दी।

भागने की कोशिश, लेकिन पुलिस ने दबोचा

पुलिस की गाड़ी देखते ही दोनों युवक घबरा गए और कार लेकर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने तेजी दिखाते हुए कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से चमकीले रंग का प्रतिबंधित नशीला पाउडर बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे इस ड्रग्स को ऊंची कीमत पर बेचने की तैयारी में थे।

ट्रांसपोर्ट के जरिए मंगाई गई थी ड्रग्स

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी चंद्रेश बलेचा ट्रांसपोर्ट का कारोबार करता है। उसने अपने ही ट्रांसपोर्ट नेटवर्क का इस्तेमाल करते हुए पंजाब बॉर्डर से ड्रग्स मंगवाई थी। आरोपी अपने साथी महेश वर्मा के साथ मिलकर बिलासपुर और आसपास के इलाकों में इसे सप्लाई करने की योजना बना रहा था। पुलिस को जानकारी मिली है कि दोनों ने कुछ ग्राहकों से पहले ही संपर्क कर लिया था।

13 लाख का माल जब्त, दोनों आरोपी जेल भेजे गए

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ड्रग्स, कार और अन्य सामान समेत करीब 13 लाख रुपए का माल जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में  जुटी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ