रेलवे भर्ती घोटाला: DRM ऑफिस में CBI का छापा, 5 लाख बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
रायपुर| रायपुर स्थित रेलवे के डीआरएम कार्यालय में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने अचानक छापा मार कार्रवाई शुरू कर दी। यह कार्रवाई स्पोर्ट्स कोटे से होने वाली भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी, रिश्वतखोरी और दस्तावेजों में हेराफेरी की शिकायत मिलने के बाद की गई। जांच एजेंसी ने कार्यालय के कार्मिक विभाग समेत कई शाखाओं में दस्तावेजों की जांच की और महत्वपूर्ण रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए।
नौकरी दिलाने के नाम पर रिश्वत का खेल
सूत्रों के अनुसार रेलवे में क्लर्क पद पर भर्ती कराने के लिए एक महिला अभ्यर्थी से लाखों रुपये की डील की गई थी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की गोपनीय जांच की और फिर रायपुर तथा दुर्ग में एक साथ छापेमारी की। आरोप है कि स्पोर्ट्स कोटे के नाम पर नियमों को दरकिनार कर अयोग्य उम्मीदवारों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी।
दो आरोपी गिरफ्तार, 5 लाख रुपए बरामद
सीबीआई ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें रायपुर डीआरएम कार्यालय में पदस्थ महिला टीटीई राजलक्ष्मी और दुर्ग के न्यू पुलिस लाइन इलाके से पकड़े गए जे. राजशेखर राव शामिल हैं। राजशेखर को वेटलिफ्टिंग का हेड कोच बताया जा रहा है। जांच एजेंसी के मुताबिक दोनों ने नौकरी लगवाने के नाम पर करीब 8 लाख रुपये की रिश्वत तय की थी। छापेमारी के दौरान 5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा फर्जी सील, मुहर और कई आवेदन पत्र भी जब्त किए गए हैं।
19 मई तक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
प्राथमिक जांच में रिश्वत लेने के आरोप सही पाए जाने के बाद दोनों आरोपियों को सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पूछताछ के लिए दोनों को 19 मई तक रिमांड पर भेज दिया है। जांच एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
रेलवे अधिकारियों ने साधी चुप्पी
मामले के सामने आने के बाद रेलवे अधिकारी मीडिया के सवालों से बचते नजर आए। डीआरएम सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन किसी ने भी आधिकारिक बयान देने से इनकार कर दिया। वहीं रेलवे की केंद्रीय सतर्कता टीम भी मामले की अलग से जांच कर रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस भर्ती घोटाले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

0 टिप्पणियाँ