UPSC Prelims 2026: कल होगी देश की सबसे बड़ी परीक्षा, लेट पहुंचे तो नहीं मिलेगी एंट्री, जान लें नियम
देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में शामिल UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 अब बेहद करीब है। रविवार 24 मई को देशभर के हजारों परीक्षा केंद्रों पर लाखों अभ्यर्थी IAS, IPS और IFS बनने का सपना लेकर परीक्षा देने पहुंचेंगे। ऐसे में उम्मीदवारों के लिए सिर्फ तैयारी ही नहीं, बल्कि आयोग के नियमों का पालन करना भी उतना ही जरूरी हो गया है। छोटी सी लापरवाही भी बड़ी परेशानी बन सकती है।
रिपोर्टिंग टाइम को लेकर UPSC सख्त
UPSC ने परीक्षा के समय को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित होगी। पहली शिफ्ट यानी जनरल स्टडीज पेपर-1 सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा, लेकिन परीक्षा केंद्र के गेट ठीक 9 बजे बंद कर दिए जाएंगे। वहीं दूसरी शिफ्ट में होने वाला CSAT पेपर दोपहर 2:30 बजे शुरू होगा और इसके लिए 2 बजे के बाद एंट्री नहीं मिलेगी। आयोग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे सुबह 8:15 बजे और दोपहर 1:15 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंच जाएं ताकि चेकिंग और बायोमेट्रिक प्रक्रिया में कोई दिक्कत न हो।
ड्रेस कोड में बरतें सावधानी
हालांकि UPSC ने कोई विशेष यूनिफॉर्म तय नहीं की है, लेकिन उम्मीदवारों को साधारण और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। भारी गहने, धातु वाली एक्सेसरीज़ और मोटे सोल वाले जूते पहनकर आने से बचने को कहा गया है। सिक्योरिटी चेकिंग के दौरान ऐसी चीजें परेशानी और देरी का कारण बन सकती हैं।
एग्जाम हॉल में क्या ले जाना जरूरी?
परीक्षा केंद्र के अंदर केवल जरूरी दस्तावेज और सामान ही ले जाने की अनुमति होगी। उम्मीदवारों के पास प्रिंटेड एडमिट कार्ड, एक वैध फोटो आईडी और ओएमआर शीट भरने के लिए ब्लैक बॉलपॉइंट पेन होना अनिवार्य है। आयोग ने साफ कहा है कि दूसरे रंग के पेन का इस्तेमाल करने पर उत्तर पुस्तिका अमान्य हो सकती है। उम्मीदवार चाहें तो पारदर्शी पानी की बोतल साथ ले जा सकते हैं।
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह बैन
UPSC ने मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को परीक्षा केंद्र में पूरी तरह प्रतिबंधित किया है। यदि किसी उम्मीदवार के पास ऐसा कोई सामान पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे सभी नियमों का पालन करें और बिना किसी तनाव के परीक्षा में शामिल हों।
.jpg)
0 टिप्पणियाँ