शराब के लिए कांग्रेस भवन से उखाड़ ले गए 73 नल! जाते-जाते फर्श पर लिख गए 'I LOVE YOU', 20 दिन बाद खुला राज

 शराब के लिए कांग्रेस भवन से उखाड़ ले गए 73 नल! जाते-जाते फर्श पर लिख गए 'I LOVE YOU', 20 दिन बाद खुला राज


अंबिकापुर| छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कांग्रेस भवन में हुई अनोखी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। करीब 20 दिन पहले कांग्रेस कार्यालय से दर्जनों नल की टोंटियां चोरी हो गई थीं। हैरानी की बात यह रही कि चोरी करने वाले बदमाश जाते-जाते बाथरूम के फर्श पर 'I LOVE YOU' लिखकर फरार हो गए थे। इस अजीब हरकत ने पूरे शहर में चर्चा छेड़ दी थी। अब पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

शराब के लिए चुराईं लाखों की टोंटियां

जानकारी के मुताबिक, राजीव भवन में लगी नलों की टोंटियां अच्छी गुणवत्ता की थीं और उनकी कीमत काफी अधिक बताई जा रही है। आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि उन्होंने शराब और अन्य खर्चों के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चुराई गई टोंटियों को कबाड़ समझकर महज 600 रुपये में बेच दिया गया।

'I LOVE YOU' लिखकर बने चर्चा का विषय

14 मई की रात चोर कांग्रेस भवन में दाखिल हुए और बाथरूम तथा वॉश बेसिन में लगी 73 टोंटियां उखाड़ ले गए। वारदात के बाद फर्श पर 'आई लव यू' लिख दिया गया, जिसने इस चोरी को सामान्य वारदात से अलग और रहस्यमय बना दिया। सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक इस संदेश को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पकड़े संदिग्ध

घटना के बाद पुलिस जांच में जुटी हुई थी, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग रहा था। इसी दौरान युवा कांग्रेस के एक पदाधिकारी की नजर दो संदिग्ध युवकों पर पड़ी। पूछताछ के दौरान दोनों के जवाब संदिग्ध लगे। जब उन्होंने भागने की कोशिश की तो उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।


पूछताछ में कबूल किया जुर्म

पुलिस पूछताछ में दोनों युवकों ने कांग्रेस भवन से टोंटियां चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि चोरी का सामान एक स्थानीय कारोबारी को बेच दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने खरीददार के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

दो साल में तीसरी बार बना निशाना

राजीव भवन में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले दो वर्षों में यह तीसरी बार है जब कांग्रेस कार्यालय को चोरों ने निशाना बनाया है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पहले हुई घटनाओं में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से बदमाशों के हौसले बढ़े।

तीन आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने शिव दास, विष्णु यादव और चोरी का सामान खरीदने वाले कारोबारी श्याम अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ