गरीब विधवा से घूसखोरी का आरोप! पति की मौत के बाद जमा रकम निकालने में भी भ्रष्टाचार का साया
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के निपनिया स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित की शाखा एक बार फिर विवादों में आ गई है। यहां पदस्थ महिला बैंक मैनेजर पर एक विधवा महिला से मृत पति के खाते से पैसे निकालने के एवज में रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। साथ ही महिला कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है।
मृतक खाते से पैसे निकालने पर रिश्वत का आरोप
शिकायतकर्ता महिला खेलन बाई सतनामी का आरोप है कि उनके पति रूपदास सतनामी की मृत्यु करीब एक वर्ष पहले हो चुकी है। उनके नाम पर बैंक में लगभग 1.10 लाख रुपये जमा थे। जब वह इस राशि को निकालने बैंक शाखा पहुंचीं तो उनसे पहले 10 हजार रुपये की मांग की गई। बाद में यह राशि घटाकर 5 हजार रुपये कर दी गई, जिसके बाद कथित तौर पर लेन-देन हुआ।
जनदर्शन में की गई शिकायत, वीडियो भी सौंपा
पीड़िता ने इस पूरे मामले की शिकायत जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर से की है। साथ ही उन्होंने बैंक में हुए कथित लेन-देन का वीडियो भी प्रशासन को सौंपा है। शिकायत के आधार पर जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है।
विधायक ने भी उठाए सवाल
भाटापारा विधायक इंद्र साव ने भी बैंक मैनेजर की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी इस अधिकारी के खिलाफ कई शिकायतें मिल चुकी हैं। विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि एक पुराने मामले में बातचीत के दौरान अधिकारी ने अभद्र टिप्पणी करते हुए कहा था— “मैं बिहारी हूं…जो करना है कर लो।” इसके बाद उन्होंने फोन काट दिया था।
ग्रामीणों में आक्रोश, जांच जारी
इस मामले के सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोग बैंकिंग व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ