"SP से शिकायत कर दो... पैसा नहीं लौटाऊंगा", हेड कॉन्स्टेबल का VIDEO वायरल
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पदस्थ एक हेड कॉन्स्टेबल पर जमीन पर कब्जा दिलाने के नाम पर कथित रूप से 40 हजार रुपये लेने का आरोप लगा है। मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वीडियो सामने आने के बाद जिला पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया है।
जमीन विवाद के बीच रिश्वत लेने का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, हेड कॉन्स्टेबल रमेश त्रिपाठी पंतोरा चौकी में पदस्थ था। आरोप है कि उसने विकास देवांगन नामक व्यक्ति से एक जमीन पर कब्जा दिलाने का भरोसा देकर 40 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने पहले 30 हजार रुपये दिए थे, जबकि बाद में शेष 10 हजार रुपये भी आरोपी को सौंप दिए गए। इसके बावजूद जमीन से संबंधित विवाद का समाधान नहीं हो सका और कब्जा दिलाने का दावा भी पूरा नहीं हुआ।
पैसे लौटाने से किया इनकार
बताया जा रहा है कि जब विकास देवांगन ने अपने पैसे वापस मांगे तो हेड कॉन्स्टेबल ने रकम लौटाने से साफ इनकार कर दिया। वायरल वीडियो में वह कथित तौर पर यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि शिकायत चाहे एसपी से कर दी जाए, लेकिन वह पैसे वापस नहीं करेगा। वीडियो में उसके कुछ अन्य विवादित बयान भी सामने आए हैं, जिनकी चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई
वायरल वीडियो में रमेश त्रिपाठी तत्कालीन चौकी प्रभारी दिलीप सिंह से बातचीत करते हुए भी नजर आ रहा है। इस दौरान जमीन विवाद और दीवार तोड़े जाने को लेकर पैसों के लेन-देन का जिक्र होने का दावा किया जा रहा है। मामला सार्वजनिक होने के बाद एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने हेड कॉन्स्टेबल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर लाइन अटैच कर दिया है।
डीएसपी को सौंपी गई जांच
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए डीएसपी प्रदीप सोरी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।


0 टिप्पणियाँ