जनदर्शन में हड़कंप: रास्ता विवाद से परेशान युवक ने खुद पर उड़ेला केरोसिन, पुलिस ने टाला बड़ा हादसा

 जनदर्शन में हड़कंप: रास्ता विवाद से परेशान युवक ने खुद पर उड़ेला केरोसिन, पुलिस ने टाला बड़ा हादसा



धमतरी| जिला कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने समाधान में देरी से नाराज होकर खुद पर केरोसिन उड़ेल लिया। मौके पर मौजूद पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई कर बड़ा हादसा टाल दिया।

समस्या लेकर पहुंचा था युवक

युवक रोहित सोनी, इतवारी बाजार क्षेत्र स्थित बढेश्वर महादेव मंदिर के पास रहता है। उसने जनदर्शन में अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसका परिवार पिछले करीब 60 सालों से उसी स्थान पर रह रहा है।

मकान निर्माण और रास्ता बंद होने का विवाद

आरोप है कि मकान निर्माण को लेकर मंदिर से जुड़े कुछ लोगों और स्थानीय वार्ड पार्षद निलेश लुनिया द्वारा आपत्ति जताई गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। इसी के चलते घर तक जाने वाले मुख्य रास्ते पर गड्ढा खोद दिया गया, जिससे परिवार को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है।

परिवार 8 सदस्यों के साथ परेशान

युवक ने बताया कि उसके परिवार में 8 सदस्य हैं और उनके पास रहने के लिए कोई दूसरा विकल्प नहीं है। लगातार समस्या और समाधान न मिलने से वह मानसिक तनाव में आ गया था।

जनदर्शन में आत्मदाह की कोशिश

इसी तनाव के चलते रोहित सोनी ने जनदर्शन स्थल पर खुद पर केरोसिन उड़ेलकर आत्मदाह का प्रयास किया। लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे रोक लिया और काबू में लेकर हिरासत में ले लिया।


इच्छामृत्यु की मांग भी की

बताया जा रहा है कि युवक ने अपने आवेदन में परिवार सहित इच्छामृत्यु की अनुमति की मांग भी की थी। घटना के बाद कुछ देर के लिए जनदर्शन परिसर में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रशासन ने जांच का आश्वासन दिया

सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों की बात सुनकर मामले की निष्पक्ष जांच और वैधानिक समाधान का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ