Delhi Restaurant Fire: दिल्ली में खौफनाक हादसा: 20 लोगों की मौत, होटल-रेस्टोरेंट में लगी आग….

 Delhi Restaurant Fire: दिल्ली में खौफनाक हादसा: 20 लोगों की मौत, होटल-रेस्टोरेंट में लगी आग….


नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे शहर को झकझोर दिया। लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट और होटल में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी पांच मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में 20 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

सुबह 9:45 बजे मिली थी आग लगने की सूचना

दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अनुसार, सुबह करीब 9:45 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ-साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के इलाके को भी खाली कराया गया।

बेसमेंट में फंसे लोगों पर टूटा कहर

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की शुरुआत इमारत के ग्राउंड फ्लोर से हुई थी। आग बुझाने की कोशिश के दौरान जब कांच तोड़ा गया तो धुआं और लपटें तेजी से बेसमेंट की ओर फैल गईं। बेसमेंट में मौजूद कई लोग बाहर नहीं निकल सके और वहीं फंस गए। रेस्क्यू टीम ने कई लोगों को बाहर निकाला, लेकिन कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

अस्पताल में भर्ती हैं घायल

दमकल कर्मियों ने तीन लोगों को गंभीर हालत में सुरक्षित बाहर निकाला। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि राहत और बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा।

अस्पताल आने वाले मरीजों के परिजन ठहरते थे यहां

जानकारी के मुताबिक, लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट के साथ इमारत में ठहरने की भी व्यवस्था थी। यहां अक्सर आसपास के निजी अस्पतालों में इलाज कराने आए मरीजों के परिजन रुकते थे। बताया जा रहा है कि कुछ विदेशी नागरिक भी इमारत में मौजूद थे। आग इतनी भीषण थी कि पूरी इमारत लगभग जलकर खाक हो गई।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ