रायपुर| छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे AI जनरेटेड वीडियो को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। फेसबुक पर “From Heaven to Earth” नाम के एक पेज से जुड़े कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें धार्मिक आस्थाओं से जुड़ी आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री दिखाए जाने के आरोप लगे हैं।
50 से ज्यादा वीडियो, लाखों व्यू
जानकारी के अनुसार, इस पेज पर करीब 50 से अधिक AI जनरेटेड वीडियो अपलोड किए गए थे, जिन्हें लाखों बार देखा गया है। इन वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार विरोध देखने को मिल रहा है और मामला तेजी से तूल पकड़ता जा रहा है।
धार्मिक दृश्यों को लेकर आपत्ति
विवादित वीडियो में कथित तौर पर भगवान शिव और भगवान विष्णु को ईसा मसीह (Jesus Christ) को अपना पिता बताने जैसे दृश्य दिखाए गए हैं। साथ ही भगवान राम और भगवान हनुमान से जुड़े दृश्यों को भी गलत तरीके से प्रस्तुत किए जाने का आरोप लगाया गया है। इसे लेकर हिंदू संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई है
हिंदू संगठनों का विरोध
हिंदू संगठनों और बजरंग दल ने इस पूरे मामले पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि AI तकनीक का दुरुपयोग कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई जा रही है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
पुलिस ने दर्ज की FIR
मामला रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फेसबुक पेज हटाने की मांग और आगे की कार्रवाई
हिंदू संगठनों ने संबंधित फेसबुक पेज को हटाने और दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

0 टिप्पणियाँ