निजी अस्पताल पर आयुष्मान योजना में फर्जीवाड़े का आरोप, मरीज से नकद वसूली के मामले में FIR

 निजी अस्पताल पर आयुष्मान योजना में फर्जीवाड़े का आरोप, मरीज से नकद वसूली के मामले में FIR


अंबिकापुर। शहर के गुदरी चौक स्थित लक्ष्मी नारायण अस्पताल पर इलाज के नाम पर मरीज के परिजनों से धोखाधड़ी कर लाखों रुपये वसूलने का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अस्पताल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने आयुष्मान कार्ड को लेकर गलत जानकारी देकर परिजनों से नकद भुगतान कराया और बाद में सरकारी योजना से भी राशि प्राप्त कर ली।

आयुष्मान कार्ड बंद बताकर ली नकद रकम

शिकायतकर्ता के अनुसार, अस्पताल प्रबंधन ने मरीज के परिजनों को बताया कि उनका आयुष्मान भारत कार्ड काम नहीं कर रहा है और इलाज के लिए उन्हें अपनी जेब से भुगतान करना पड़ेगा। इस जानकारी पर भरोसा करते हुए परिजनों ने अस्पताल को 1 लाख 60 हजार रुपये नकद दे दिए।

एक ही इलाज पर दो जगह से भुगतान का आरोप

मामले की जानकारी जुटाने के बाद परिजनों को कथित रूप से पता चला कि अस्पताल ने उसी मरीज के इलाज के लिए आयुष्मान भारत योजना के तहत भी करीब 1 लाख 50 हजार रुपये से अधिक का क्लेम किया है। इससे अस्पताल पर एक ही इलाज के बदले नकद और योजना दोनों माध्यमों से राशि लेने का आरोप लगा है।

बिल नहीं देने का भी आरोप

परिजनों का कहना है कि अस्पताल में भुगतान करने के बाद भी उन्हें इलाज से जुड़ा कोई बिल या रसीद उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर अस्पताल संचालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच

पुलिस अब दस्तावेजों, इलाज से जुड़े रिकॉर्ड और आयुष्मान योजना के क्लेम की जानकारी की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं अन्य मरीजों के साथ भी इस तरह की अनियमितता तो नहीं की गई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ