Janjgir Champa News: मंडप में शादी से इनकार करने वाली मुस्कान ने 16 दिन बाद संत कुमार से रचाई शादी

 Janjgir Champa News: मंडप में शादी से इनकार करने वाली मुस्कान ने 16 दिन बाद संत कुमार से रचाई शादी  



छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में चर्चित शादी का मामला अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। जिस दुल्हन मुस्कान ने 23 जून को मंडप में दूल्हे संत कुमार के कथित नशे में होने की वजह से शादी करने से इनकार कर दिया था, उसी मुस्कान ने 16 दिन बाद संत कुमार के साथ सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत कर ली है।

23 जून को चर्चा में आया था मामला  

यह पूरा मामला चांपा थाना क्षेत्र के कोसमंदा गांव का है। शादी के दिन मुस्कान ने दूल्हे संत कुमार की हालत देखकर विवाह रोकने का फैसला लिया था। इस घटना के बाद मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया था। पुलिस अधिकारियों ने भी मुस्कान के फैसले की सराहना की थी और उसे परिवार परामर्श केंद्र से जोड़ा गया था।

गलतफहमियां दूर होने के बाद लिया फैसला  

मुस्कान और संत कुमार के बीच शादी टूटने के बाद भी बातचीत जारी रही। दोनों का कहना है कि बातचीत के दौरान उनके बीच की गलतफहमियां दूर हो गईं। इसके बाद दोनों ने दोबारा शादी करने का फैसला लिया।

संत कुमार ने बताया कि वह शराब नहीं पीता है। शादी वाले दिन किसी ने उसकी कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया था, जिसके कारण लोगों को लगा कि वह नशे में है। उसने मुस्कान से इस पूरे मामले को लेकर माफी मांगी और आगे बेहतर जीवन बिताने का भरोसा दिया।

मनका दाई मंदिर में लिए सात फेरे  

जानकारी के अनुसार, मुस्कान गुरुवार को परिवार परामर्श केंद्र में अपनी ड्यूटी पर थी। वहां से निकलने के बाद वह सीधे खोखरा गांव पहुंची। यहां मनका दाई मंदिर में संत कुमार और उनके परिवार की मौजूदगी में दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली।

बताया गया कि संत कुमार के परिवार को इस शादी की जानकारी पहले से थी, जबकि मुस्कान के रिश्तेदारों को बाद में इसकी सूचना मिली।

पुलिस ने दोनों से की बातचीत  

मुस्कान के घर नहीं पहुंचने और मोबाइल बंद होने के बाद रिश्तेदारों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और साइबर टीम ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि मुस्कान खोखरा गांव में संत कुमार के साथ है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों से बातचीत की। मुस्कान ने अपनी इच्छा से संत कुमार के साथ रहने और शादी करने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी ली और दोनों के फैसले की पुष्टि की। इस तरह जिस शादी की शुरुआत विवाद से हुई थी, वह अब आपसी समझ और सहमति के साथ एक नई शुरुआत में बदल गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ