यूनिवर्सिटी रजिस्ट्रार गिरफ्तार: महिला कर्मचारी के वेतन गबन का मामला, 1.49 लाख रुपये की हेराफेरी का आरोप

 यूनिवर्सिटी रजिस्ट्रार गिरफ्तार: महिला कर्मचारी के वेतन गबन का मामला, 1.49 लाख रुपये की हेराफेरी का आरोप



रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी के वेतन से जुड़े गबन मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मोहन नगर थाना पुलिस ने विश्वविद्यालय के तत्कालीन कुलसचिव भूपेन्द्र कुमार कुलदीप को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर महिला कर्मचारी के वेतन की राशि में हेराफेरी करने का आरोप है।

वेतन की राशि दबाव बनाकर ट्रांसफर कराने का आरोप

मामला उस समय सामने आया जब विश्वविद्यालय की दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी शुभांगी मराठे ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार महिला कर्मचारी को हर महीने नियम के अनुसार 11,515 रुपये वेतन मिलता था, लेकिन आरोप है कि उससे केवल 2,200 रुपये दिए जाते थे और बाकी राशि ऑनलाइन माध्यम से दूसरे खाते में ट्रांसफर कराई जाती थी।

जांच में सामने आया कि फरवरी 2025 से जुलाई 2026 के बीच फोन-पे और पेटीएम के जरिए कुल 1,49,384 रुपये अन्य खाते में भेजे गए। पुलिस के अनुसार यह राशि दबाव बनाकर ट्रांसफर कराई गई थी।



जांच समिति की रिपोर्ट के बाद दर्ज हुआ मामला

महिला कर्मचारी की शिकायत और विश्वविद्यालय द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। बैंक रिकॉर्ड, यूपीआई ट्रांजेक्शन और अन्य दस्तावेजों की जांच में वित्तीय अनियमितता के संकेत मिले।

जांच के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) के तहत मामला दर्ज किया और आरोपी कुलसचिव को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने शुरू की आगे की कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है। मामले में पुलिस अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अपने पद या प्रभाव का गलत इस्तेमाल कर आर्थिक शोषण या वित्तीय अनियमितता करता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ