जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक स्थित डोंगा-कोहरोद शासकीय प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रधान पाठक पर स्कूल समय के दौरान अनुचित व्यवहार करने और बच्चों के सामने अश्लील वीडियो देखने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और पुलिस से कार्रवाई की मांग की जा रही है।
बच्चों ने घर पहुंचकर परिजनों को दी जानकारी
ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल में पढ़ने वाले कुछ बच्चों ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को प्रधान पाठक की कथित गतिविधियों के बारे में बताया। बच्चों की बात सुनने के बाद अभिभावक और ग्रामीण बड़ी संख्या में स्कूल पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर पहुंचने के बाद प्रधान पाठक ने जल्दबाजी में अपने कपड़े ठीक किए। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा वीडियो रिकॉर्ड करने का दावा भी किया गया है।
अभिभावकों ने लगाए गंभीर आरोप
शिकायत में अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि प्रधान पाठक स्कूल परिसर में अनुचित अवस्था में रहते थे और बच्चों की मौजूदगी में मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखते थे। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से स्कूल का माहौल प्रभावित हो रहा है और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर की कार्रवाई की मांग
मामले से नाराज ग्रामीण और अभिभावक पामगढ़ थाने पहुंचे। उन्होंने प्रधान पाठक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोष साबित होने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही शिक्षा विभाग से तत्काल कदम उठाने की अपील की गई है।
जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। विभागीय और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है। प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ