CG News: अंबानी के ट्रस्ट से लाए 7 महीने का जेब्रा शावक की मौत, वजह यह...


नवा रायपुर।
छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नवा रायपुर स्थित जंगल सफारी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ अनंत अंबानी के गुजरात (जामनगर) स्थित 'राधे कृष्ण मंदिर हाथी कल्याण ट्रस्ट' से लाए गए महज 7 महीने के एक नन्हे जेब्रा शावक की बुधवार को मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शावक की जान 'कोलिक पेन इश्यू' (पेट दर्द और पाचन तंत्र से जुड़ी समस्या) के कारण गई है।

हफ्तेभर से बीमार था मासूम शावक
जंगल सफारी के डायरेक्टर थेजस शेखर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जेब्रा का यह बच्चा पिछले करीब एक हफ्ते से गंभीर रूप से अस्वस्थ था। बीमारी के चलते उसने खाना-पीना पूरी तरह छोड़ दिया था। सफारी के पशु चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी देखरेख और इलाज में जुटी हुई थी, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।

क्या होता है 'कोलिक पेन इश्यू'?
सफारी प्रबंधन के अनुसार, कोलिक पेन वास्तव में पाचन तंत्र से जुड़ी एक गंभीर स्थिति है। इसमें आंतों में रुकावट आना, अत्यधिक गैस बनना, कब्ज होना या भोजन का सही तरीके से न पचना शामिल है। आमतौर पर यह समस्या तब और बढ़ जाती है जब वन्यजीव ठंड या बदलते मौसम में पर्याप्त पानी नहीं पीते और केवल सूखा चारा खाते हैं। हालांकि, यह अन्य मौसमों में भी सक्रिय हो सकता है।

बिसरा जांच के लिए भेजे गए सैंपल, मां की सेहत पर नजर

घटना के बाद सफारी प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मृत जेब्रा शावक का पोस्टमार्टम (PM) संपन्न कर लिया गया है। मौत की सटीक और विस्तृत वजहों का पता लगाने के लिए उसके शरीर के मुख्य अंगों के सैंपल लेकर 'बिसरा जांच' के लिए लैब भेजे जा रहे हैं।
इस दुखद घटना के बाद वन्यजीव प्रेमियों में मायूसी है। एहतियात के तौर पर डॉक्टरों की टीम अब मृत शावक की मां के स्वास्थ्य की भी बारीकी से जांच और निगरानी कर रही है ताकि उसे सुरक्षित रखा जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ