CG को रेल नेटवर्क की सौगात, 291 किमी लंबी नई रेल लाइन परियोजना की गजट अधिसूचना जारी
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के लिए ऐतिहासिक विकास का रास्ता साफ हो गया है। केंद्र सरकार के रेल मंत्रालय ने धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना को राजपत्र (गजट) में अधिसूचित कर दिया है। 291.881 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के साथ जशपुर जिला पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ने जा रहा है। अधिसूचना जारी होने के बाद अब इस परियोजना को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
लंबे समय से लंबित मांग को मिली मंजूरी
यह परियोजना छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ से शुरू होकर जशपुर के पत्थलगांव होते हुए झारखंड के लोहरदगा तक जाएगी। जशपुर, जो अब तक पूरी तरह सड़क परिवहन पर निर्भर था, वहां रेल सुविधा नहीं होने से लोगों को आवागमन, व्यापार और शिक्षा में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस अधिसूचना के बाद क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को बड़ी राहत मिली है।
विकास, रोजगार और कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार
नई रेल लाइन से जशपुर जिले के आर्थिक और सामाजिक विकास को गति मिलेगी। किसानों को अपने कृषि और बागवानी उत्पाद देश के बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा होगी, जिससे उनकी आय बढ़ने की संभावना है। वहीं, पर्यटन क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा क्योंकि जशपुर के प्राकृतिक और धार्मिक स्थल अब अधिक आसानी से पहुंच योग्य होंगे। निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
क्षेत्र के भविष्य के लिए गेमचेंजर परियोजना
विशेषज्ञों का मानना है कि यह रेल परियोजना जशपुर की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल सकती है। बेहतर कनेक्टिविटी से न केवल व्यापार और उद्योग को बल मिलेगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में भी व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।

0 टिप्पणियाँ