CG के गांव में 8 मौतों से हड़कंप: कब्र से निकाले जा रहे शव, जहरीली शराब की आशंका
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के खर्वे गांव में तीन दिनों के भीतर आठ ग्रामीणों की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इन मौतों के पीछे जहरीली शराब का सेवन कारण हो सकता है। लगातार हो रही मौतों से गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। मृतकों के परिजनों का कहना है कि सभी लोगों ने एक ही जगह से शराब पी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और कुछ समय बाद उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों के विरोध के बाद शुरू हुई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़ी संख्या में ग्रामीण कसडोल थाने पहुंचे और निष्पक्ष जांच की मांग की। ग्रामीणों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर बेचने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि शिकायत के बावजूद शुरुआती स्तर पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर प्रशासन पर दबाव बनाया।
पुलिस, प्रशासन और एफएसएल टीम मौके पर
ग्रामीणों के विरोध और बढ़ते दबाव के बाद प्रशासन हरकत में आया। शनिवार को पुलिस, राजस्व विभाग और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम की मौजूदगी में मृतकों के शव कब्र से निकाले जाने की प्रक्रिया शुरू की गई। शवों का दोबारा परीक्षण और वैज्ञानिक जांच कर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रही।
जांच रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। वहीं, ग्रामीण दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग पर अड़े हुए हैं। पूरे मामले पर जिलेभर की नजर बनी हुई है।


0 टिप्पणियाँ