छत्तीसगढ़ में निगम-मंडल और आयोगों में नियुक्तियों का ऐलान, 13 संस्थाओं में 25 नेताओं को मिली जिम्मेदारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने लंबे इंतजार के बाद निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड में नई नियुक्तियों की घोषणा कर दी है। जारी सूची के अनुसार प्रदेश की 13 प्रमुख संस्थाओं में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों सहित कुल 25 नेताओं को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों के साथ ही कई आयोगों और बोर्डों में लंबे समय से खाली पड़े पदों पर अब नई टीम काम करेगी।
महिला आयोग और अनुसूचित जाति आयोग में नई नियुक्तियां
सरकार की ओर से जारी सूची के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के पद पर डॉ. ममता साहू की नियुक्ति की गई है। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग में रामलाल चौहान को अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा वेदराम मनहरे को उपाध्यक्ष और तीन अन्य सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड में गौरीशंकर श्रीवास को अध्यक्ष और देवशरण सेन को सदस्य नियुक्त किया गया है।
मछुआ बोर्ड से शिक्षा आयोग तक नई जिम्मेदारियां
सरकार ने विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों से जुड़े बोर्डों में भी नियुक्तियां की हैं। छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पद पर आनंद निषाद और सदस्य के रूप में नेतराम निषाद को जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्या मंडल में राजेश कुमार राजपूत को अध्यक्ष और सुमन मुथा को सदस्य बनाया गया है। शाकंभरी बोर्ड में राजेंद्र नायक को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि चार सदस्यों की भी नियुक्ति की गई है।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सुधीर गौतम को सौंपी गई है।
रायपुर विकास प्राधिकरण और फिल्म निगम में भी नियुक्तियां
जारी आदेश के अनुसार रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) के उपाध्यक्ष पद पर डॉ. जेपी शर्मा की नियुक्ति की गई है। वहीं छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम में प्रसन्ना अवस्थी को सदस्य बनाया गया है। राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग में मनमथ नाथ शर्मा को सदस्य की जिम्मेदारी दी गई है।
श्रम कल्याण मंडल और गौ सेवा आयोग में बदलाव
सरकार ने छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के उपाध्यक्ष पद पर किशोर महानंद को नियुक्त किया है। वहीं छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी आनंद कुमार तिवारी (राजीव लोचन दास महाराज) को दी गई है।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष पद पर मंगल दास ठाकुर की नियुक्ति की गई है।
लंबे समय से था नियुक्तियों का इंतजार
निगम, मंडल और आयोगों में इन नियुक्तियों का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। सरकार की ओर से सूची जारी होने के बाद अब विभिन्न संस्थाओं में नई जिम्मेदारियां तय हो गई हैं। माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों के जरिए सरकार ने संगठन से जुड़े नेताओं को भी अहम जिम्मेदारियां दी हैं और संबंधित संस्थाओं के कामकाज में तेजी लाने की तैयारी की है।

0 टिप्पणियाँ