महादेव बेटिंग ऐप का मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर ओमान में गिरफ्तार, भारत लाने की तैयारी तेज

 महादेव बेटिंग ऐप का मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर ओमान में गिरफ्तार, भारत लाने की तैयारी तेज


नई दिल्ली/भिलाई। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान में गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रॉयल ओमान पुलिस ने इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर उसे हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि चंद्राकर पर फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट के जरिए ओमान में प्रवेश करने का आरोप है। फिलहाल उसे मस्कट के हाई-सिक्योरिटी अल खौद डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। अब भारत सरकार उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है।

फर्जी पासपोर्ट के इस्तेमाल का आरोप

रिपोर्ट्स के अनुसार, सौरभ चंद्राकर लंबे समय से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रह रहा था। बाद में वह कथित तौर पर फर्जी पासपोर्ट के जरिए ओमान पहुंचा। इस मामले में ओमान में उसके खिलाफ अलग से कानूनी कार्रवाई भी शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि उसने अपनी पैरवी के लिए स्थानीय वकीलों की टीम भी नियुक्त की है।

रेड नोटिस हटाने की कोशिश हुई नाकाम

महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े हजारों करोड़ रुपये के कथित घोटाले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) और CBI कर रही हैं। इसी मामले में इंटरपोल ने सौरभ चंद्राकर के खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था। हाल ही में इंटरपोल की संबंधित समिति ने उसकी वह याचिका भी खारिज कर दी, जिसमें उसने रेड नोटिस हटाने की मांग की थी। समिति ने माना कि मामला वित्तीय अपराध और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है, इसलिए नोटिस जारी रहेगा।

भारत वापसी की राह आसान नहीं

सूत्रों के अनुसार, भारत सरकार जल्द ही ओमान से औपचारिक प्रत्यर्पण का अनुरोध करेगी। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि फर्जी पासपोर्ट के मामले में ओमान के अपने कानून लागू होने के कारण प्रत्यर्पण प्रक्रिया में समय लग सकता है। यदि ओमान में उस पर मुकदमा चलता है, तो भारत लाने की प्रक्रिया और लंबी हो सकती है।

ईडी की बड़ी कार्रवाई

महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में ईडी अब तक 175 से अधिक स्थानों पर छापेमारी कर चुकी है। एजेंसी ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया है और 74 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। जांच एजेंसी के अनुसार, अब तक करीब 4,336 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियां अटैच, सीज या फ्रीज की जा चुकी हैं। सौरभ चंद्राकर मूल रूप से छत्तीसगढ़ के भिलाई का रहने वाला है और वर्ष 2019 से फरार बताया जाता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ