कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में मलेरिया का प्रकोप तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। बीते दो दिनों में सरकारी हॉस्टल में रहने वाले दो छात्रों की मलेरिया से मौत हो गई है। वहीं, अलग-अलग छात्रावासों में रहने वाले 11 छात्रों की रिपोर्ट मलेरिया पॉजिटिव आई है। मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
हॉस्टल और गांवों में स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया अभियान
कांकेर के CMHO डॉ. आरसी ठाकुर ने बताया कि जिले में अचानक मलेरिया का आउटब्रेक सामने आया है। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित हॉस्टल और आसपास के गांवों में पहुंचकर लोगों की जांच कर रही हैं।
मरीजों को जरूरी दवाएं दी जा रही हैं। साथ ही सभी छात्रावासों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
तीन बहनों में एक बच्ची की इलाज के दौरान मौत
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, डोमाहर्रा गांव की रहने वाली तीन सगी बहनों को तेज बुखार की शिकायत के बाद शुक्रवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इनमें 9 वर्षीय करीना विश्वकर्मा की 25 जुलाई को इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, उसकी दोनों बहनों का इलाज अस्पताल में जारी है।
मर्दापोटी हॉस्टल के छात्र ने भी तोड़ा दम
मर्दापोटी छात्रावास में रहने वाले कई बच्चों को बुखार और सिरदर्द की शिकायत हुई थी। जांच में चार छात्र मलेरिया पॉजिटिव पाए गए थे।
इनमें 9 वर्षीय छात्र सुभाष कुमेटी की हालत ज्यादा खराब होने पर परिजन उसे घर ले गए थे। रविवार सुबह तबीयत बिगड़ने के बाद उसे दोबारा जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
22 जुलाई तक नहीं मिला था कोई मामला
आदिम जाति कल्याण विभाग की सहायक आयुक्त जया मनु ने बताया कि 22 जुलाई को सभी छात्रावासों में बच्चों की स्वास्थ्य जांच कराई गई थी। उस समय कोई भी छात्र मलेरिया संक्रमित नहीं मिला था।
हालांकि, 24 जुलाई के बाद अचानक मलेरिया के मामले सामने आने लगे और अब तक दो बच्चों की मौत हो चुकी है।
प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी
CMHO डॉ. आरसी ठाकुर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल टीमों को तैनात किया गया है और छात्रावासों में रहने वाले बच्चों की नियमित जांच की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बुखार, सिरदर्द या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराएं और समय पर इलाज लें।
.jpg)
0 टिप्पणियाँ