अब गैस सिलेंडर के लिए नहीं करना होगा इंतजार, Blinkit से 3 घंटे में मिलेगी डिलीवरी

 अब गैस सिलेंडर के लिए नहीं करना होगा इंतजार, Blinkit से 3 घंटे में मिलेगी डिलीवरी


बिलासपुर। एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। अब गैस सिलेंडर की बुकिंग के बाद कई दिनों तक इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी। छत्तीसगढ़ में पहली बार 10 किलो के हल्के कंपोजिट LPG सिलेंडर की एक्सप्रेस डिलीवरी सुविधा शुरू की जा रही है। इस सुविधा के तहत उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग कर कुछ ही घंटों में सिलेंडर अपने घर मंगा सकेंगे।

Blinkit और IndianOil App से होगी बुकिंग

इंडियनऑयल ने इस नई सुविधा को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ दिया है। उपभोक्ता Blinkit, IndianOil One App और कंपनी की वेबसाइट के माध्यम से 10 किलो कंपोजिट सिलेंडर की बुकिंग कर सकेंगे। कंपनी का दावा है कि ऑनलाइन ऑर्डर के बाद अधिकतम 3 घंटे के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी कर दी जाएगी। इससे खासतौर पर उन लोगों को फायदा मिलेगा, जिन्हें अचानक गैस खत्म होने पर परेशानी का सामना करना पड़ता है।

15 अगस्त से रायपुर में शुरुआत, फिर पूरे प्रदेश में विस्तार

इस सुविधा की शुरुआत सबसे पहले 15 अगस्त से रायपुर में की जाएगी। इसके बाद मांग और उपभोक्ताओं की प्रतिक्रिया के आधार पर इसे प्रदेश के अन्य जिलों में भी विस्तार दिया जाएगा। बिलासपुर में इंडियनऑयल ने पहले ही 10 किलो फ्री ट्रेड LPG कंपोजिट सिलेंडर की एक्सप्रेस सेवा शुरू कर दी है।

हल्का और पारदर्शी है नया सिलेंडर

यह नया कंपोजिट सिलेंडर पारंपरिक लोहे के सिलेंडर से काफी अलग है। इसका वजन कम होने के कारण इसे आसानी से उठाया और एक जगह से दूसरी जगह ले जाया सकता है। इसकी सबसे खास बात यह है कि सिलेंडर पारदर्शी है, जिससे बाहर से ही पता चल जाता है कि अंदर कितनी गैस बाकी है। फाइबर ग्लास और पॉलीमर से बने होने के कारण इसमें जंग लगने की समस्या भी नहीं होती।

ऐसे मिलेगा नया कनेक्शन

10 किलो कंपोजिट सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ता को नजदीकी इंडेन गैस एजेंसी में जाकर आवेदन करना होगा या ऑनलाइन माध्यम से प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके लिए आधार कार्ड, पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेज देने होंगे। नए कनेक्शन के लिए करीब ₹3,186 की सिक्योरिटी राशि जमा करनी होगी, जो कनेक्शन वापस करने पर रिफंडेबल होगी।

छोटे परिवारों के लिए होगा फायदेमंद

कंपनी के अनुसार यह सिलेंडर छोटे परिवारों, नौकरीपेशा लोगों, किराए के मकानों में रहने वालों, बुजुर्गों और अकेले रहने वाले उपभोक्ताओं के लिए काफी सुविधाजनक रहेगा। कम वजन और तेज डिलीवरी की वजह से यह नया LPG सिलेंडर लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों को और आसान बना सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ