CG News: टॉयलेट जाने पर दूसरी कक्षा की छात्रा खतरनाक सजा, 100 बार उठक-बैठक से बिगड़ी तबीयत, शिक्षिका
बर्खास्त
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के प्रतापगढ़ स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में
एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां दूसरी कक्षा की 8
वर्षीय छात्रा समृद्धि गुप्ता को टॉयलेट जाने की अनुमति मांगने पर शिक्षिका ने
अमानवीय सजा दे डाली. शिक्षिका नम्रता गुप्ता ने मासूम छात्रा को 100
बार उठक-बैठक करने के लिए मजबूर किया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई.
शारीरिक सजा से बिगड़ी हालत, एम्स रायपुर रेफर
छात्रा की हालत बिगड़ने पर पहले उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया
गया था. डॉक्टरों के परीक्षण में मांसपेशियों में खिंचाव और कमर-घुटनों में गंभीर
दर्द की पुष्टि हुई. हालत और बिगड़ने पर सोमवार को उसे रायपुर के एम्स अस्पताल
रेफर कर दिया गया है. परिजनों का कहना है कि बच्ची अब ठीक से खड़ी भी नहीं हो पा
रही है.
शिक्षिका पर एफआईआर, स्कूल ने की बर्खास्तगी
घटना के बाद जब परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, तो
सीतापुर थाने में शिक्षिका नम्रता गुप्ता के खिलाफ IPC की धारा 296,
115(2) और किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धाराओं 75 व 82 के
तहत एफआईआर दर्ज की गई. पहले तो स्कूल प्रबंधन ने शिक्षिका को छुट्टी पर भेज दिया
था, लेकिन मामले के बढ़ने पर उसे नौकरी से निकाल दिया गया है.
प्रिंसिपल पर भी
गिरी गाज
स्कूल की इस लापरवाही पर सिर्फ शिक्षिका ही नहीं, बल्कि
प्राचार्य राजीव सिंह पर भी कार्रवाई की गई है. उच्च अधिकारियों को समय पर जानकारी
न देने और मामले को दबाने की कोशिश करने पर उन्हें जबरन छुट्टी (फोर्सली लीव) पर
भेज दिया गया है.

0 टिप्पणियाँ