CG News: दो माह बाद भी ट्रांसफर आदेश अधूरे: रायपुर में 20 आरआई जमे, बाहर से आए अधिकारी खाली बैठे

दो माह बाद भी ट्रांसफर आदेश अधूरे: रायपुर में 20 आरआई जमे, बाहर से आए अधिकारी खाली बैठे


रायपुर। राजस्व निरीक्षकों के तबादले का आदेश जारी हुए दो महीने से अधिक समय बीत चुका है, बावजूद इसके रायपुर से स्थानांतरित किए गए 20 में से एक भी राजस्व निरीक्षक (RI) अब तक रिलीव नहीं किया गया है। वहीं दूसरी तरफ, दूसरे जिलों से रायपुर स्थानांतरित होकर आए पांच RI भी कार्यभार न मिलने के चलते खाली बैठे हैं। नतीजतन, जिले में राजस्व से जुड़े कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

30 जून को हुआ था तबादला आदेश, रायपुर से 20 RI का ट्रांसफर

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने 30 जून को राज्यभर के राजस्व निरीक्षकों का थोक में तबादला आदेश जारी किया था। इसमें रायपुर जिले से 21 RI के तबादले किए गए थे। एक को नया रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में और बाकी 20 को अन्य जिलों में भेजा गया। वहीं बदले में केवल पांच RI को रायपुर जिले में पदस्थ किया गया।

कलेक्टरों को तत्काल रिलीव का आदेश, पालन नहीं

राज्य शासन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि संबंधित जिला कलेक्टर स्थानांतरित कर्मचारियों को तत्काल रिलीव कर कार्यभार से मुक्त करें और इसकी सूचना विभाग को भेजें। लेकिन आदेश जारी हुए दो महीने से ज्यादा समय गुजर जाने के बाद भी रायपुर से एक भी RI को रिलीव नहीं किया गया है।

आए RI बिना कार्यभार के बैठे

दूसरे जिलों से रायपुर आए पांच RI ने तो जॉइनिंग कर ली है, लेकिन उन्हें कार्यभार नहीं सौंपा गया है। प्रशासन अब तक यह तय नहीं कर पाया है कि उन्हें किस अधिकारी की जगह पदस्थ किया जाए। ऐसे में ये निरीक्षक रोज दफ्तर पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें कोई काम नहीं सौंपा गया।

कामकाज ठप, आमजन परेशान

तबादला आदेश के बाद न तो पुराने निरीक्षक पूरी तरह काम कर रहे हैं और न ही नए निरीक्षक दायित्व संभाल पा रहे हैं। इससे न केवल पुराने राजस्व प्रकरण लटके हुए हैं, बल्कि नए आवेदनों का निपटारा भी ठप पड़ गया है।

इस स्थिति से सबसे ज्यादा नुकसान आम लोगों को हो रहा है, जिनके ज़मीन संबंधी कार्यों में देरी हो रही है।

एकसाथ रिलीव से काम होगा प्रभावित

इस मामले पर रायपुर की अपर कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि, “रायपुर से 20 RI का ट्रांसफर हुआ है, लेकिन बदले में सिर्फ 5 आए हैं। ऐसे में सभी को एक साथ रिलीव कर देंगे तो कामकाज पूरी तरह ठप हो जाएगा। इस पर प्रशासनिक स्तर पर चर्चा की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ